सोमवार, 27 जुलाई 2026

किसी दिन....


1.  जो कभी भूल जाऊँ मैं-

भूलते - भूलते

अगर कभी तुम्हें भूल जाऊँ मैं

उस समय को उस पल को दोष नहीं देना

जब पहली बार मिले थे हम तुम!

चाय के उन दो कपों में

खौलती भाप में धुंधले हुए आँसू

जाने खुशी के थे कि दुख के.

झूठ न समझ लेना उस समय को

जब बात करते कभी

हम जोर से खिलखिलाये

कि कभी साथ में गुनगुनाये

गीत वे झूठे नहीं थे

समय के उस पल का सत्य वहीं ठहरा रहा होगा.

उस समय से निकल कर

आगे बढ़ आये होंगे हम

गोल घूमती धरती के

दो भिन्न छोर पर

कभी न मिल पाने को!


2. जो कभी भूल जाओ तुम

कभी तुम जो  भूल जाओ  मुझे

कम से कम एक बार तो

स्मृति का कोई सिरा पकड़ कर 

पहुँच जाऊँगी तुम्हें याद दिलाने

स्वाभिमान आत्मसम्मान 

इसमें कुछ न लगेगा

बस एक ही बार लेकिन

मगर सोचो 

जो भूलते -भूलते

भूल जाऊँ

स्वयं को ही मैं किसी दिन!


-वाणी गीत

शुक्रवार, 1 अक्टूबर 2021

अनूठा रहस्य प्रकृति का...





 रात भर जागकर हरसिंगार वृक्ष 

उसकी सख्त डालियों से लगे

नरम नाजुक पुष्पों की  करता रखवाली

कि

नरम नाजुक से पुष्प 

सहला देते सख्त वृक्ष के भीतर

सुकोमल भावों को...

अनूठा रहस्य है प्रकृति का!

सोमवार, 19 जुलाई 2021

पैरहन....

 



पत्थर भरी जमीं पर जहाँ कुछ नहीं उगता

 हौसला देखिये हमने घर वहाँ बनाये हैं!

दर्द, आँसू, ग़म, तन्हाई से कुछ नहीं बनता

मुस्कुराहटों के ही हमने पैरहन बनाये हैं....

गुरुवार, 18 जून 2020

गुड़िया की गोद में गुड़िया....


सफ़ेद झक चमकदार 
फ्रिल की फ्रॉक पहने
 एक बच्ची
 मेरे साथ चलती है हमेशा!
बीहड़ सी राह पर 
थक कर बैठने को होती हूँ
पकड़ कर साड़ी की पटलियां
झूले सी लटक जाती है !!
जैसे कि 
लोहे के गेट पर लूमते 
कितने हिंडोले खाये.

शीशे के पीछे जगमगाती
खिलौनों की दुनिया तक 
अँगुली पकड़े खींच ले जाती  है.
बेखौफ़ बेतकल्लुफ़ बतिया लेती है कभी 
कभी ठिठक कर छिप जाती है.

बेध्यानी में 
गुड़िया की गोद में 
लोरी सुनाती गुड़िया 
घर ले आती हूँ.

बच्चे ताली बजा कर खुश हो जाते हैं.
 माँ हमारे लिये गुड़िया लाई...

गुरुवार, 29 अगस्त 2019

कुछ अधूरा -सा....



रुकी हुई है कलम 
टिकी हुई कागज पर
कि कोई ऐसी बात कह दूँ
कोई सत्य ऐसा लिख दूँ
कि आसमान का पट सरक 
सहसा ही सतरंगी धूप निकल आये...
कि स्याह अँधेरी रात 
झटपट सितारों से जगमगा जाये...

उससे पहले लेकिन
कोई सत्य
कोई किरण 
दृश्य हो ले
जो कहीं किसी  सुनहरे या कि स्याह रैपर में 
अटकी पड़ी है....

रविवार, 31 मार्च 2019

कविता और कुछ नहीं...


कविताएं
और कुछ नहीं
आँसू हैं लिखे हुए....
खुशी की आँच
कि
दुखों के ताप के
अतिरेक से
पोषित
लयबद्ध हुए...

#कविताक्याहै

सोमवार, 18 जून 2018

बनावटें हुज़ूर की..... ख़याल बेबहर



बनावटें हुज़ूर की  किरचों से पूछिये
दोस्ती का जिनके बड़ा चर्चा रहा है...

रिश्ते तमाम लेते रहे हैं जो काम में
रिश्तों  का उनके दर पे सदा मजमा रहा है....

किस खूबी से खेलते हैं खेल देखिये
पासों को खुद ही चलने का गुमान रहा है....

कालिख कलेजे की छलकी जो आँख से
कहते हैं बड़े शौक से कि कजरा रहा है...

बड़े दिनों के बाद बेबहर ख़याल ......

शनिवार, 1 जुलाई 2017

मौसम तो नहीं कह दिया.....




क्या हुआ है जो बदला है
 इस तरह समां
मौसम तो नहीं कह दिया
 दिवाने को....

गुरुवार, 15 सितंबर 2016

तब ही समझ तुम पाओगे.....

 पगतलियों के छालों को सहलाते
भींचे लबों से
जब कुछ गुनगुना पाओगे
अश्रु छिपे कितने

मुस्कुराती आँखों के सागर में
तब ही  समझ तुम पाओगे .....

रंग रूप यौवन चंचलता से
नजर चुरा कर
जब मिलने आ पाओगे
सौन्दर्य रूह का कितना उज्जवल
कितना पावन
तब ही समझ तुम पाओगे ....

शनिवार, 5 दिसंबर 2015

शून्य ही सही!!




तुम

 एक से नौ की

कोई संख्या

मैं तुम्हारे बाद का शून्य!

मैं शून्य ही सही

बस तुम्हारे बाद हूँ!!

रविवार, 17 मई 2015

उतरना प्रेम का ......




उतरना प्रेम का .....
दो भिन्न भाव उतरने के!




उतर रहा सूर्य प्रेम मद भर कर
पहने सतरंगी झालर हो जैसे!
आरक्त कपोल लजवन्ती हौले
खोलती धरा पट घूंघट जैसे!

उतर रहा प्रेम मद रिस कर
घट रहा जल घट का जैसे!
सूखी सरिता मीन तड़पती
मन बंजर धरती का जैसे!

बुधवार, 7 जनवरी 2015

पेट की आग से क्या बड़ी है इनके तन की आग .....



गोद मे उठाये एक मासूम
पल्लू से सटे दो नन्हे
कालिख से पुते चेहरे
उलझे बाल जटाओं जैसे
बढे  पेट के भार से झुकी
दुआएं देती हाथ फैलाये
आ खड़ी हुई द्वार पर ....
तरस खा कर कभी दिया 
कभी अनदेखा भी किया 
देखे अनदेखे में मगर 
सोचा है कई बार....
पेट की आग से क्या बडी है
इनके तन की आग...
या कि
शीतलता देती  हैं उन्हें 
जलती हुई नफरत से भरी 
कुछ आँखों की आग!!

शुक्रवार, 26 सितंबर 2014

झूठे शब्दों की विवशता ....




तुम्हारे शब्दों में जब 
प्रतिध्वनित होता है झूठ 
तुम्हारे ही 
शब्दों की ओट में !

सच्चे दिखते शब्दों के झूठ को पढ़कर 
सोचने लगती हूँ मैं 
तुम्हारे झूठे शब्दों की विवशता !!

झूठ समझते हुए भी 
सिर हिलाती हूँ 
सच की तरह !
सच के इशारे में !!

अस्पष्ट बुदबुदाते शब्दों में 
तुम भी समझ जाते होगे न 
विवशता 
मेरे झूठे शब्दों की !!

मंगलवार, 2 सितंबर 2014

कविता गुलाब के होने से है कि .....



गुलाब 
यूँ ही नहीं उग जाते होंगे !
काँटों से बिंधे हुए  हुए 
कुछ  हाथ 
खुरपी की मार से 
गांठें जिन पर!
  
गोबर और मिली जुली पत्तियों की सड़ांध 
कुछ बदबूदार रसायन 
नथुने में भर रही जिनके 
कपड़ों में उनके रचती होगी दुर्गन्ध 
वही हाथ उगाते होंगे   
खुशबूदार गुलाब! 

पत्तियां बिखरने तक निहारते 
हथेलियों की खुशबू में डूब कर 
सोच में रहती  हूँ अक्सर ...

कविता गुलाब के होने से है! 
कि  
गुलाब खिलता है कविता से !

मंगलवार, 5 अगस्त 2014

चुभती है आँखों में बहुत हंसती हुई सी लड़कियां ....







चुभती है आँखों में बहुत 

हंसने वाली लड़कियां 

खुश होती गुनगुनाती लड़कियां !

हँसते हँसते एक दूसरे पर गिरती 

दोहरी हुई ठहाकों से 

पेट पकड़कर 

लोटपोट सी होती लड़कियां !!

जब
अपनी ही आंत से रची

कृति पर मुग्ध परमात्मा

उनकी हंसी में शामिल

खुश हो लेता है भरपूर !!


तब उसकी ही बनाई कुछ रचनाएँ

आँखों में खून लिए

ह्रदय की जलन से दग्ध

उबलते

उगलती हैं

लावा , मिटटी और धुआं !!

बुधवार, 9 जुलाई 2014

प्रेम होने में जो है ....


प्रेम होने में जो है , 
शब्दों में कहीं अधिक है !
शब्दों से कहीं अधिक है !!
जरुरी है प्रेम का होना , 
शब्दों के सिवा ही !
शब्दों के सिवा भी !
(एक दिन कविता की यह शाख सूख जायेगी )
प्रेम शब्दों से फिसलकर 
रिश्तों में साकार होगा 
या कि 
पतझड़ के सूखे पातों-सा 
बिखर जाएगा .
होगा यह या वह 
इन शब्दों के परे 
इन शब्दों के इर्द गिर्द ही मगर !!


रविवार, 11 मई 2014

महज़ अपनी आजादी को जीते , करते हैं परिवारों की बाते !


  • मेरे घर में नहीं है 
  • सिर्फ मेरी किताबों से भरी 
  • बड़ी आलमारियां !
  • मेरी आलमारी भरी है 
  • मेरी कुछ ही किताबोँ से  
  • कुछ में सजी है 
  • पति और बच्चों की क़िताबें  भीं !
  • कुछ आलमारियों मे 
  • गृहस्थी के जरुरी सामान  
  • राशन बर्तन भांडे कपड़े लत्ते  
  • कैंची सुई  धागा मशीन भी  !!

  • अतिथियों के  स्वागत सत्कार के साथ 
  • रखती हूँ दाना पानी 
  • चिड़िया, गाय  तो कभी कुत्ते के लिये भी !!
  • कभी किसी भूखे नंगे की गुहार सुन 
  • खाना- कपड़ा  देती हूँ  कुछ उपदेशों के साथ भी !
  • कभी पैसा- अनाज ले जाते हैं ढोल पिटते 
  • आशीषें बांटते लोग भी .... !!
  • अपने बच्चों की किलकारियां -झगडे भी 
  • द्वार पर अनाथ बच्चों की खिलखिलाहट 
  • रिरियाने की मजबूरी भी !

  •  पढ़ने से कुछ अधिक ही 
  • जीती हूँ रिश्तों को !
  • लड़ना , कुढ़ना , हँसना , प्रेम 
  •  नफरत  , उपेक्षा , चिढ़ना 
  • भी जिया है साथ ही .... !!
  • जो  जीती हूँ , 
  • जीते देखती हूँ 
  • वही लिखती भी हूँ !!
  • कभी इसके सिवा भी 
  • जो जीते देखना चाहती हूँ …… !!!
  • कभी कुछ लिखती हूँ जो जीती नहीं 
  • कभी कुछ जीती हूँ जो लिखती नहीं !!!
  •   
  • क्रांति की मोटी  पुस्तकों से सजी 
  • आलमारियों वाले घरों मे 
  • क्रांति के बड़े किस्से पढ़नें वाले 
  • गढ़ते है  झूठे किस्से ! 
  • एसी में बैठे ज़ाम  ढालते 
  • मुर्ग मुसल्लम , पकवानों  की दावत उड़ाते 
  • लिखते हैं शोषित , गरीब , भूखों की बाते! 
  • महज़  अपनी आजादी को जीते 
  • करते हैं परिवारों की बाते !  
  • अक्सर  लिखते हैं , जो जीते नहीं 
  • अक्सर जो जीते हैं  , लिखते नहीं !!
  •   
  • -एक गृहिणी के दिल से,  कुछ अव्यवस्थित विचार , शायद कभी श्रेष्ठ कविता मे भी ढलें !! 
  • आलेख समझो कि  कविता , पढ़ने वाले (पाठक ) की समझ !!

गुरुवार, 24 अप्रैल 2014

प्रेम , बर्फ , रिश्ते बदलते ही हैं समय के साथ …


प्रेम  भरा रहा  भीतर है
 जमी बर्फ -सा
पिघल जाएगा  अहसास  पाकर ही
 नदी -सा
सोचा होगा  भूल जाएंगे 
भूल भी रहे  हैं  … 
मगर,  नही भ्रम रहा था सब  
आज जब देखा  
देखा वह भी ख्वाब में
सीने में भर आया 
उबाल -सा
आँखों में उतर आया 
दरिया -सा
प्रेम भरा रहा  भीतर है  
जमी बर्फ सा
पिघल गया  अहसास पाकर ही 
नदी -सा!!
-----------------------------

बर्फ का होना रिश्तों में
स्वीकारा होगा  इस उम्मीद में 
पिघलेगी तो तर होंगे एहसास 
जज़्बात का समंदर ठाठे  मारेगा  
प्रेम  लहरों सा उछलेगा … 
मगर तब तक जाना नहीं होगा  
बर्फ पिघलेगी तो 
शेष कुछ न रहेगा !!
पिघली बर्फ की ठंडक में 
पहले सिकुड़ेगी रुमानियत 
धीरे  बढ़ता पानी होगा सैलाब 
बहा ले जाएगा अहसासों  की नरमी 
बतकही होंगी सुनामियां 
 भंवर में डूबेगा रिश्ता ! 
-----------------------


बुधवार, 12 मार्च 2014

तुम्हारा आना वसंत हुआ मन जैसे पतझड़ में ...!





ऋण स्नेह का 
चुकाया साथ रह  
चुपचाप ही !

मन बंजर 
स्नेह वृष्टि से तर 
उर्वर हुआ !

तुम्हारा आना 
वसंत हुआ मन  
पतझड़ में !

इश्क हकीकी 
ना समझे है कभी 
इश्क मिजाजी !

आँखें मीचें क्यों 
भटकता है राही 
मन कस्तूरी  !

मौन की भाषा 
पढ़े न सब कोई 
मौन ही जाने !

नैनन देखे 
पिया ही  दिखे
झूठे दर्पण !

चढ़ते रहे 
उम्र की थी सीढियाँ 
जीवन भर !

रिश्तों की नमी 
स्वार्थ की तीखी धूप 
सुखा ही गई !

लफ्ज बेमानी 
ख़ामोशी कह जाती 
सारी कहानी !


मैं उदास हूँ
पढ़ा  उसने कैसे 
लिखे बिना ही !


हायकू वह विधा जहाँ पूरी बात 17 अक्षरों में कहनी हो।  सिर्फ 17 अक्षर जोड़ देने से बात नहीं बनती , कम शब्दों में गहरी बात निकले तो बात होती है।  
बंदिशों में लिखना थोडा मुश्किल है , कोशिश कर  देखा ! कैसा है प्रयास ?!!

शनिवार, 1 मार्च 2014

मेरे अच्छे समय के साथी!





मेरे अच्छे दिनों के साथी 

बचा रखी है कुछ तुम्हारी कल्पनाएँ 

बुरे दिनों के लिए मैंने !

जब कभी बेचैनी में नींद न आये 

दुबक कर स्मृतियों की दोहर में 

लिपट सो रहती हूँ !

मेरे अच्छे समय के साथी! 

तुम्हारा हाथ थामे चलते 

इन पगडंडियों पर 

कुछ हसीं लम्हे चुरा कर रखती गयी हूँ

स्मृतियों की तिजोरी में !

उन दिनों के लिए

जब तुम साथ होकर भी साथ नहीं होते!!