नज़्म लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
नज़्म लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शनिवार, 6 नवंबर 2010

दर पर उसकी भी आया मगर देर से बहुत ......





तलाश -ए -सुकूँ में भटका किया दर -बदर
दर पर उसके भी आया मगर देर से बहुत .....

जागा किया तमाम शब् जिस के इन्तजार में
नींद से जागा वो भी मगर देर से बहुत .....

शमा तब तक जल कर पिघल चुकी थी
जलने तो आया परवाना मगर देर से बहुत ....

तिश्नगी उन पलकों पर ही जा ठहरी थी
पीने पिलाने को यूँ तो थे मयखाने बहुत ....

जलवा- ए- महताब के ही क्यों दीवाने हुए
रौशनी बिखेरते आसमान में तारे तो थे बहुत ...

नम आंखों से भी वो मुस्कुराता ही रहा
रुलाने को यूँ तो थे उसके बहाने बहुत ....

जिक्र उसका आया तो जुबां खामोश रह गयी
सुनाने को जिसके थे अफसाने बहुत ......



****************************************************************************************


रविवार, 19 सितंबर 2010

तब ही तो जान तुम पाओगे ...




पगतलियों
के छालों को सहलाते
भींचे लबों से जब कुछ गुनगुना पाओगे

अश्रु छिपे कितने मुस्कुराती आँखों के सागर में
तब ही तो समझ तुम पाओगे...

रंग -रूप ,यौवन, चंचलता से नजर चुरा कर
जब मुझसे मिलने आ पाओगे

सौन्दर्य रूह का है कितना उज्जवल कितना पावन
तब ही तो जान तुम पाओगे......





मंगलवार, 25 मई 2010

दोस्त बनकर गले लगाता है वही पीठ पर खंजर भी लगाता है वही....

दोस्त बनकर गले लगाता है वही
पीठ पर खंजर भी लगाता है वही....

वफा की जो रोज़ कसमें खाता है
करवटों संग बदल जाता है वही.....


बंद पलकों में हैं ख्‍वाब जिसके सजे
खुले आम लूट ले जाता है वही.....

तोड़ गया है जो इक रिश्‍ते की गिरह
आह किस अदा से मुस्‍कुराता है वही....

बेवफाई से उसकी अनजान नहीं हरगिज़
मगर यह रस्म भी तो निभाता है वही ....

मुतमईन ना कैसे हो अंदाज- ए - गुफ्तगू से
झूठ पर सच का लिबास चढ़ाता है वही ....

लबों पर जिसके उदास मुस्कराहट तक मंजूर नहीं
झूठी सिसकियाँ लेकर जार- ज़ार रुलाता है वही ....

साए में जिसके हमें महफूज़ समझता है ये जहाँ
हर सुकून हमारा दिल से मिटाता भी है वही

मेरे लफ़्ज़ों से शिकायत बहुत है जिसको
अपने गीतों में उन्हें सजाता भी तो है वही ....


**************************************************************************************







पुनः प्रकाशित



रविवार, 2 मई 2010

जा कर दिया आज़ाद तुझे मैंने ......








जा कर दिया आज़ाद तुझको दिल की गहराई से
ना माने तो पूछ लेना अपनी ही तन्हाई से

नहीं लायेगी बादे - सबा अब कोई पैगाम
ना करना कोई सवाल आती- जाती पुरवाई से

पीछे छोड़ आये कब के वो दरो -दीवार माज़ी की
चढ़ने लगे थे रंग जिनपर ज़माने की रुसवाई से

नजरे बचाए फिरते रहते थे उन गलियों चौबारों में
क्या अच्छा लगता था बचते फिरना अपनी ही परछाईं से

टीसते हैं जख्म गहरे इस कदर बेवफाई के
भरते नहीं हैं अब किसी बावफा की भी लुनाई से




चित्र गूगल से साभार ...