उसकी मेज पर
बेतरतीब- से बिखरे कुछ पंख
एक चाक़ू
खून के कुछ छींटे
शब्दों से ठसाठस भरी टोकरी
एक घायल परिंदा ...
आसमान में उडती एक चिड़िया
दूर से देखकर यह मंजर
डरती रही ...
उडती रही ...
दूर- दूर....
थककर चूर ...
मगर कब तक ...
आखिर
उतरी गगन से
पंख समेटे
कुछ सुस्ता लूं ...
बदली नजर
बदला मंजर ...
घायल परिंदा
पंख नए अब
गाता कोई नयी धुन
रूनझुन
मेज पर पंख हुए कम
शब्दों की टोकरी कुछ हलकी
आकाश हुआ विस्तृत
सूरज बना दोस्त
कोहरे झांकती सुबह
शब्दों की किरणों से
आत्मा का आह्वान करती है
चोंच में शब्दों का दाना लिए
चोंच में शब्दों का दाना लिए
चिड़िया विचारों का बीजारोपण करती है
कल अपना होगा भयमुक्त
अपनी हर उड़ान में ये विश्वास भरती है....
एक चिडिया आसमान में दूर उड़ते हुए एक मेज पर कुछ पंख , खून के छींटे , चाक़ू , बिखरे पंख , शब्दों की टोकरी देखकर दूर गगन में उडती हुई यही सोचती रही कि बिखरे पंख परिंदों से छीन लिए गए ,शब्द हलक से निकल लिए गए .. मगर जब वह स्वयं थक कर चूर हुई और उतरी जमीन पर तो उसने देखा कि ....दरअसल वह मेज थककर चूर या घायल परिंदों की सहायता के लिए थी ...वे वहां से नए पंख लेते और कुछ नए शब्द और आसमान में फिर वही उड़ान ....
मंजर अभी भी वही था , वही बिखरे पंख , खून के छींटे , शब्दों की टोकरी मगर अब नजर बदल चुकी थी ..
नजरिया बदलते ही नजारा बदल जाता है ...एक ही सिक्के के दो पहलू होते हैं , हमे अक्सर वही नजर आता है, जो हम देखना चाहते हैं ...
इसलिए अच्छा सोचे , सकारात्मक सोचे ....कोशिश तो करें ...
चित्र गूगल से साभार ...
