रविवार, 19 सितंबर 2010

तब ही तो जान तुम पाओगे ...




पगतलियों
के छालों को सहलाते
भींचे लबों से जब कुछ गुनगुना पाओगे

अश्रु छिपे कितने मुस्कुराती आँखों के सागर में
तब ही तो समझ तुम पाओगे...

रंग -रूप ,यौवन, चंचलता से नजर चुरा कर
जब मुझसे मिलने आ पाओगे

सौन्दर्य रूह का है कितना उज्जवल कितना पावन
तब ही तो जान तुम पाओगे......





रविवार, 12 सितंबर 2010

मैं पूर्ण हुई ....सम्पूर्ण हुई .....






मिचमिचाती अधमुंदी पलकों में
सपनीले मोती जगमगाए
मेरी सूनी गोद भर आई
जब यह नन्ही कली मुस्कुराई
मैं अकिंचन, हुई वसुंधरा ...

ब्रह्माण्ड मेरी गोद में समाया
रीता था जीवन कलश
लबालब भर छलक आया
थपेड़े गर्म हवाओं के
शीतल हो गए
लगा उसे सीने से अपने
मैं पूर्ण हुई ...सम्पूर्ण हुई


कभी अंगुली थामे
कभी गिरते -पड़ते ...
पकड़ आँचल की कोर
उठ खड़ी होती बार- बार
ठुमक चलती मेरे आँगन में

मुट्ठियों में भर लाती
रेत जैसे कारू का खजाना
खुद खाती मुझे खिलाती
भूख प्यास बिसरी सब मेरी
आजीवन मैं तृप्त हुई
मैं पूर्ण हुई ...सम्पूर्ण हुई


खेलती कभी आँख मिचौली
कभी भाग गोद में छिप जाती
कभी लिटाती गोद में अपने
मां मैं तेरे बाल बनाऊं
कंघी उलझाती बालों में
उलझी लटों को सुलझाने में
मैं सब अपनी उलझन भूली
खिली मेरे बगिया में कली
भर गया मेरा अधूरापन
अब कोई सपना अपना नहीं
थमा उसे सपनों की पोटली
निश्चिंत हुई ...
मैं पूर्ण हुई
सम्पूर्ण हुई....




कुछ अनगढ़े से मगर भावपूर्ण शब्द ....


चित्र गूगल से साभार ...

शुक्रवार, 27 अगस्त 2010

विषकन्या

विषकन्या वे कन्याएं होती थी जिन्हे मौर्य शासन काल((321–185 B.C.E.)) में अभेद्य सुरक्षा से घिरे दुश्मन राजा अथवा महत्वपूर्ण पदों पर आसन्न शासन प्रबंधकों की हत्या के लिए चुना जाता था ....सुना है मौर्य सम्राट चन्द्रगुप्त के प्रमुख सलाहकार और प्रधानमंत्री चाणक्य ने कोटिल्य के अर्थशास्त्र में इन विष कन्याओं के प्रयोग के बारे में जानकारी दी है(प्रमाणिक नहीं है ) ...कहा जाता है नन्द ने चन्द्रगुप्त की हत्या के लिए विषकन्या भेजी थी जिसे उसके चौकस प्रधानमंत्री चाणक्य ने पहचान लिया और उसका उपयोग शत्रु प्रवर्तक की हत्या के लिए किया था ....

हिन्दू पौराणिक गाथा कल्कि पुराण में एक विष कन्या सुलोचना (गन्धर्व चित्रग्रीव की पत्नी )का जिक्र किया गया है जिसके सिर्फ देखने भर से दुश्मन मृत्यु को प्राप्त हो जाता था...

विषकन्या बनाने के लिए बहुत छोटी उम्र से ही कन्याओं को बहुत सूक्ष्म मात्र में विष दिया जाना शुरू किया जाता था , जिसमे कई बार उनकी मृत्यु भी हो जाती थी .... जिस कन्या का शरीर विष को जज्ब कर लेता था वह आगे चलकर विषकन्या में तब्दील कर दी जाती थी और उनका उपयोग दुश्मनों को रास्ते से हटाने के लिए किया जाता था ...

सभ्यता के विकास के साथ एक ओर जहाँ परिवारों में कन्याओं के प्रति खान पान,शिक्षा और मौलिक अधिकारों में जागृति आयी है वही दूसरी ओर लिंग परिक्षण कर कन्या भ्रूण हत्या कर उन्हें जन्म लेने के अधिकार से ही वंचित किया जा रहा है ... समाज में व्याप्त लिंग भेद से उपजी असमानता , अपमान ,उत्पीडन और उपेक्षा के कारण बालिकाओं में असुरक्षा और विद्वेष का भाव उपजता रहा है ...बहुत छोटी अवस्था से ही लगातार अवमानना इन कन्यायों को बिना विष के ही विषकन्या में तब्दील करता जा रहा है ...जो इस पूरी सभ्यता और नस्ल के लिए बहुत घातक है ...

अच्छा होगा कि समय रहते चेत कर भारतीय संस्कृति के गुरु मंत्र
" यत्र नार्यस्तु पूजयन्ते रमन्ते तत्र देवता "
को पुनः प्रतिष्ठापित करते हुए कन्याओं को उचित मान सम्मान का अधिकारी बनाया जाए ... वर्ना लगातार विष कन्या में तब्दील होती नारियों की यह खेप इस पूरे सभ्यता के लिए घातक साबित होगी ...

विषकन्या



कन्यायें
यूं ही नहीं
रातो रात चुप चाप
तब्दील हो जाती है
विषकन्याओं में...

बहुत छोटी उम्र से
पीती
हैं विष के छोटे छोटे घूंट
इस तरह भरा जाता है
उनकी रगों में
कि कोई साक्ष्य ना रहे
कभी
उनके पालितों द्वारा ही
कभी उनके रक्षकों द्वारा ही

पहला
घूंट विष का
मर्मान्तक पीड़ा देता है
भय
से दर्द से
रोम रोम कंपा देता है
दम तोड़ देती है कई बार
इस
पहले घूँट से ही
मगर
जो बच जाती हैं
और
सीख जाती है
आंसू
पीकर मुस्कुराना
उपेक्षा सहकर खिलखिलाना
दर्द सह कर गुनगुनाना
प्यार के बिना जीना
अंततः
वे ही बदलती है
विषकन्याओं में .....

ये बदलती है
उन आसुओं का अंश लेकर
कोख
में ही दफ़न कर दी गयी
आहों का असर लेकर ...
और अंततः होती हैं अभिशापित
पायें
जिसे चाहे नहीं ....
चाहे
जिसे पाए नहीं ....
आक्रान्ताओं
...
इन
पर हंसो मत
इनसे
लड़ो मत
इनसे
डरो .....
ये
करने वाली है
तुम्हारे
नपुंसक दंभ को खंडित
तुम्हारी सभ्यता को लज्जित

इसलिए
इन्हें
प्यार दो
इन्हें सम्मान दो
ये
चाहे तो भी
ना चाहे तो भी
मांगे तो भी
ना
मांगे तो भी ............

बचा
सकते हो तो बचा लो
इस धरा पर अपने होने का प्रमाण
वर्ना
नहीं दूर है
अब
एक पूरी सभ्यता का अवसान ..........




**********************************************************************************

चित्र अदाजी के सहयोग से ...