शब्दों के चाक पर लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
शब्दों के चाक पर लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

मंगलवार, 17 जुलाई 2012

अधमुंदी पलकों में मुट्ठी भर ख्वाब ज़रूरी है ....



सागर की वंशज की आँखों में ख्वाब 
भागीरथ की गंगा बन धरती पर आया 
पंछियों से उड़ने का ख्वाब 
राईट बंधुओं की हकीकत बन आया 
चाँद को पा लेने का ख्वाब पला कितनी आँखों में 
मानव चाँद पर भी हो आया 
इन बड़े- बड़े ख़्वाबों के बीच 
छोटे ख्वाब भी होते हैं 
जो किसी गरीब की आँखों में पलते हैं 
दिन भर की मशक्कत के बाद भी 
भूख से कुलबुलाती अंतड़ियों में 
अन्न का एक दाना नहीं तो 
पत्थरों की खुरदरी जमीन पर 
ख्यालों की मसनदें सुनाती है लोरियां 
स्व को बचाए उस आने वाले कल तक 
खुद को जिन्दा रखने के लिए 
सूखी आँखों में ख्वाब ज़रूरी है .... 
उजड़ा चमन , बिखरे पत्ते 
स्याह बियाबान में 
सर्द हवाओं से कंपकंपाते 
अधढके बेजान होते शरीरों में 
कल सुबह सूरज की तपिश का 
ख्वाब ज़रूरी है ...
कडकडाती बिजलियों सी मुश्किलें 
तूफ़ान सी मुसीबते राह राह रोके खड़ी हों 
टूट कर ना बिखर जाएँ शख्सियतें 
ईश्वर के दिए इस जीवन का मान रखते 
चट्टान से अडिग विश्वास के साथ 
अधमुंदी पलकों में 
मुट्ठी भर ख्वाब ज़रूरी है ....

गुरुवार, 21 जून 2012

मौसम मन के ही है सारे .....



मन के मौसम ख़्वाबों की मखमली जमीन पर पलते हैं  ....ख़्वाबों में पलते  अहसास ही बदलते हैं मौसम को--- पतझड़ से बहार में ,  जेठ की दुपहरी को सावन में ! 


खुशनुमा यादों का मौसम!

ग्रीष्म  की  तपती दुपहरी  में  
उलट पुलट गये सारे मौसम  .
झरने की रिमझिम फुहार जैसा
हौले से छुआ यूँ उसके एहसास ने  
मन हिंडोले झूल रहा 
शीतल बयार मदमस्त बहकी 
सावन द्वार पर आ ठिठका 
वसंत ने कूंडी खटखटायी 
गुलज़ार हुआ  मन का हर कोना 
अगर-कपूर - चन्दन खुशबू 
दिवस हुए  मधुरिम चांदनी  जैसे 
रुत और कोई इतनी सुहानी नहीं 
जितना है 
खुशनुमा यादों का मौसम!

----------------------------------------------------------

जिया जब झूमे सावन  है ....

सूखी ताल तलाई से 
मेघों को तकते सूखे नयन
सायं सी  चलती पवन
रेत के बन गए जैसे महल  
भरभरा कर गिर ही जाते ...
तभी  पवन चुरा लाई 
आसमान में अटका 
रूई  के फाये सा 
बादल का एक टुकड़ा 
रंगहीन अम्बर भरा  रंगों से 
सफ़ेद ,काला , नीला ,आसमानी  
गर्म तवे पर छीटों सी 
पहली बारिश की कुछ बूँदें 
रेत पर जैसे  कलाकृति 
भाप बन कर उड़ जाती 
सौंधी खुशबू मिट्टी से 
नृत्य कर उठा  मन मयूर ...
रुत खिजां  की यूँ बदलती बहार  में ...

कुछ यूँ ही  
रिश्तों की जब नमी सूखती 
मन हो जाता है  मरुस्थल 
दूर तक फ़ैली तन्हाई 
ग्रीष्म के तप्त थपेड़े सा सूनापन  
टूटती शाखाओं से झडते पत्ते 
जीवन जैसे ठूंठ  हो रहा वृक्ष 
बदले मन का मौसम पल में 
 जीवन में थम  जाता  पतझड़ ...

चुपचाप मगर नयन बरसाते 
पहली बारिश का जैसे जल 
मन के रेगिस्तान में 
स्मृतियों की धूल पर 
खुशबू यादों की सौंधी मिट्टी -सी 
ह्रदय  के   कोटरों में 
नन्हे पौधों से उग आते 
स्मृतियों के पुष्प 
मन मयूर के नर्तन से 
बदल जाती  रुत क्षण में 
भीगा तन -मन 
ग्रीष्म  हुआ जैसे सावन में ...

कह गया चुपके से 
कौन कानों में 
मौसम मन के  ही है सारे 
जिया जब झूमे सावन  है ....

चित्र गूगल से साभार !

गुरुवार, 7 जून 2012

मृगतृष्णा .....शब्दों की चाक़ पर ढाले कुछ शब्द



मृगतृष्णा

तपते मरुस्थल में
रेत के फैले समंदर पर
प्यासे पथिक को
मृगतृष्णा  भरमाती है
शहरों में
कोलतार सनी सड़कें भी
भरी दुपहरी में
भ्रम का संसार रचाती है ...
प्रकृति का कोई खेल या भ्रम
यूँ ही नहीं होता ...
प्रकृति रच कर माया
सचेत रहना सिखाती है ...
सीख सके मानव इनसे
जीवन के दुष्कर पथ पर
बच रहना मिथ्या भ्रम से
संदेसा दे जाती हैं!

अनुराग जी की आवाज़ में सुनिए यहाँ  


सनद रहे !


कल्पना के निर्भय लोक में 
पक्षियों सा स्वच्छंद विचरण .
स्वप्न में मन की उड़ान 
कितनी रही बेलगाम .
यथार्थ ने रोका- टोका 
सपनो के आसमान से .
कदम टिकने जमी पर ही है ,
सनद रहे !


काव्य अन्ताक्षरी की महफ़िल  सजायी  है रश्मिप्रभा जी   ने  " शब्दों की चाक़ पर ". हर दिन चाक़ पर चढ़ते हैं कुछ शब्द और  ढलती  हैं दिल और दिमाग की थपकी से  नाजुक कलमों की नोक पर कुछ आशु कवितायेँ !  नई प्रतिभाओं और  पुराने खिलाडियों के साथ मिल कर खेले जाने वाला अनूठा  खेल है , जिसे अपनी आवाज़ के रंग भर और  रोचक बना दिया  अनुराग जी , अभिषेकजी की आवाज़ ने अपनी टीम के साथ मिलकर .