शुक्रवार, 5 अगस्त 2011

जा कर दिया आजाद तुझे ....


जा कर दिया आजाद तुझे मैंने दिल की गहराईओं से

ना माने तो पूछ लेना अपनी ही तन्हाईओं से ...

बादे सबा नहीं लाएगी अब को पैगाम बार
ना करना कोई सवाल आती जाती पुरवाईयों से ...

पीछे छोड़ आये कबकी वो दरोदीवार माजी की
चढ़ने लगे थे रंग जिनपर ज़माने की रुसवाइयों से ...

नजरें चुराए फिरते थे जिन गलियों चौबारों में
अच्छा नहीं था बचते रहना अपनी ही परछाईओं से...

टीसते थे इस कदर जख्म गहरे बेवफ़ाईओं के
भरते नहीं अब किसी बावफा की लुनाईओं से ...



ज्ञानवाणी से प्रकाशित....

बुधवार, 6 जुलाई 2011

मूर्खता जन्मजात नहीं होती .....

मूर्खता जन्मजात नहीं होती
नवजात शिशु भी कहाँ होता है मूर्ख
चीख कर दे देता है अपने आगमन की सूचना
माँ की गोद में ढूंढ लेता है
अपनी भूख -प्यास का इंतजाम ...
मचलता है ,जमा देता है लातें भी
बात पसंद ना आने पर!
प्रतिक्रियाएं बता देती हैं मन के भाव
अच्छा- बुरा कुछ नहीं छिपाता...
हंसने की बात पर हँसता है दिल खोल कर
रोने की बात पर रोता ही है
बुरा मानने की बात पर बुरा ही मान लेता है
ज़ाहिर कर देता है अपने भय भी उसी समान ...
बढती उम्र चढ़ा देती है परतें
नहीं रह पाता है वही जो वह है
और बदलती जाती हैं उसकी प्रतिक्रियाएं...
हंसने की बात पर डर जाना
रोने की बात पर हँस देना
डरने की बात पर हँसना ...
समझदार होने के क्रम में
प्रतिदिन मूर्खता की ओर बढ़ता है !
दरअसल
लोग मूर्ख नहीं होते
मूर्ख बन जाते है
मूर्ख बना दिए जाते हैं
या फिर
छलना छलनी ना कर दे
सिर्फ इसलिए ही
मूर्ख बने रहना चाह्ते हैं !



रविवार, 26 जून 2011

मिलता है इनाम आजकल गुर्ग आशनाई में.....


उर्दू के शब्द सीखते कल यूँ ही कुछ पंक्तियाँ लिख ली ...लिखने के बाद देखा कि क्या इसे ग़ज़ल कहा जा सकता है ...ग़ज़ल सीखने के नियम , कायदे , कानून ....अच्छी कक्षा है मगर पढ़ते सिर चकराने लगा...इतनी बंदिशों में ग़ज़ल!!
अब सीखते तो वक़्त लगेगा या कहा नहीं जा सकता कि तमाम वक़्त में भी शास्त्रीय परम्परा अनुसार ग़ज़ल लिख भी पाए या नहीं ,तब तक इन पंक्तियों को पढ़े और बताएं ...




पशोपेश में थमी थी साँसें उसकी गली से गुजरते
मुश्किल था बच निकलना पासबाने नजर से!

क्या बुरा था जो लिया इलज़ाम बदसलूकी का
हासिल कब क्या हुआ था उसे तोहफगी से!!

मिलते ना शामो- शहर ग़र हमें खबर होती
इज़्तिराब होंगे बहुत पुरसां की नजरंदाजी से!

दोस्त- अहबाब ही तो थे कि निभ गयी गोशानशीं
वरना दस्तंदाजी बहुत होती है कराबतदारी में!!

इख़्तिलात में होती है जो रुसवाई इतनी
मजलिस में रूबरू होते हम भी मगरूरियत में!

जान -ओ -दिल लुटाने वाले मुसलसल रुसवा हुए
मिलता है इनाम आजकल गुर्ग आशनाई में!!


------------------------

इख़्तिलात --मेलजोल , परिचय
गुर्ग आशनाई - कपटपूर्णमित्रता
पुरसाँ - खबर लेने वाला
पासबान ---द्वारपाल ,पहरेदार
मुसलसल-- लगातार
गोशानशीं--
अकेलापन
कराबतदारी-- रिश्तेदारी
इज़्तिराब -- बेचैन
तोहफगी --अच्छाई
दस्तंदाजी--हस्तक्षेप